देशभर में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और लगातार हो रही बारिश ने कई राज्यों में जनजीवन प्रभावित कर दिया है। एक ओर लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है, तो दूसरी ओर जलभराव, ट्रैफिक जाम और सड़क हादसों जैसी समस्याएं बढ़ गई हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और सिक्किम में अगले 24 घंटे के दौरान तेज बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना है। इन क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं गुजरात, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा और तटीय कर्नाटक समेत कई इलाकों में ऑरेंज अलर्ट लागू है।
दिल्ली-एनसीआर में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। रुक-रुककर हो रही बारिश और तेज हवाओं से लोगों को उमस से राहत मिली है, लेकिन कई इलाकों में जलभराव और लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिला। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।
बीते 24 घंटों में कोंकण, मध्य महाराष्ट्र और दक्षिण कर्नाटक के कई हिस्सों में अत्यधिक बारिश दर्ज की गई। वहीं बिहार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, मेघालय और त्रिपुरा में भी भारी वर्षा हुई। कई जगहों पर तेज हवाओं और बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि 9 जुलाई के बाद मध्य भारत में बारिश की तीव्रता कुछ कम हो सकती है, लेकिन उत्तर और पूर्वोत्तर भारत के कई इलाकों में मानसून की गतिविधियां फिलहाल जारी रहेंगी।
बारिश के कारण कई शहरों में सड़कें पानी से भर गई हैं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है। कुछ स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त होने और गड्ढों में वाहन फंसने की घटनाएं भी सामने आई हैं। प्रशासन ने लोगों से मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने और सावधानी बरतने की अपील की है।
यह भी पढे
रोहिणी में निर्माणाधीन इमारत गिरी, एक की मौत; कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका https://kinnitimes.com/?p=31058








