रोहिणी में निर्माणाधीन इमारत गिरी, एक की मौत; कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका

SHARE:

राजधानी दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-16 में बुधवार शाम एक निर्माणाधीन पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में एक राहगीर की मौत हो गई, जबकि कई मजदूरों और अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। मौके पर अफरातफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंच गए।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा रोहिणी सेक्टर-16 के पॉकेट G-5 स्थित एमसीडी स्कूल के पीछे हुआ। शाम करीब 4:20 बजे घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया। दमकल की कई गाड़ियां और बचाव दल लगातार मलबा हटाने में जुटे हैं।

Rohini Building Collapses: दिल्ली में भरभरा कर गिरी निर्माणधीन इमारत, मलबे  में फंसे लोग; बचाने की जद्दोजहद जारी

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मलबे से दो लोगों को निकालकर अस्पताल भेजा गया है। वहीं आशंका है कि अभी भी 5 से 10 लोग मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं। हालांकि, प्रशासन ने अभी तक फंसे लोगों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर घटनास्थल के आसपास लगभग 50 मीटर के दायरे को खाली करा दिया है, ताकि बचाव कार्य में किसी तरह की बाधा न आए। आसपास की इमारतों को भी एहतियातन खाली कराया गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण इमारत कमजोर हो गई थी। हालांकि, हादसे की असली वजह का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल प्रशासन का पूरा ध्यान राहत और बचाव अभियान पर है और मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने की कोशिश जारी है।

यह भी पढे

दिल्ली-पुणे हादसे और अमेरिका-ईरान तनाव https://kinnitimes.com/?p=31055

Kinni Times
Author: Kinni Times