सोशल मीडिया पर पिछले दो-तीन दिनों से वायरल हो रहे ई-रिक्शा को रिमोटली बंद करने वाले वीडियो पर केंद्र सरकार ने बेहद कड़ा और त्वरित संज्ञान लिया है। सरकार ने राह चलते ई-रिक्शा को अचानक बंद कर देने वाले दो मोबाइल एप्लिकेशन्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें तुरंत बैन कर दिया है। सरकार के आदेश के बाद इन दोनों ऐप्स को गूगल प्ले स्टोर (Google Play Store) और ऐप्पल ऐप स्टोर (Apple App Store) से पूरी तरह डिलीट कर दिया गया है।
सरकार ने तुरंत इस तकनीकी सुरक्षा चूक का संज्ञान लिया
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर ऐसे कई हैरान करने वाले वीडियो तेजी से वायरल हो रहे थे, जिनमें कुछ लोग एक चाइनीज ऐप (Chinese App) की मदद से सड़क पर चलते हुए ई-रिक्शा को दूर बैठे ही रिमोटली बंद कर दे रहे थे। इन वीडियो के सामने आने के बाद ई-रिक्शा चालकों और आम जनता के बीच सुरक्षा को लेकर भारी चिंता और डर का माहौल बन गया था। इस तकनीकी खामी या हैकिंग के जरिए चलते रिक्शा के अचानक बंद होने से सड़क पर बड़े हादसों का खतरा भी पैदा हो गया था। वीडियो वायरल होने और मामला गंभीर होने पर सरकार ने तुरंत इस तकनीकी सुरक्षा चूक का संज्ञान लिया।
रिमोटली कंट्रोल करने की क्षमता रखते
दो विवादित ऐप्स को हटाने के सख्त आदेश देने के साथ ही सरकार ने इस मामले में एक दूरगामी कदम उठाने का भी फैसला किया है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, सरकार जल्द ही गूगल और ऐप्पल जैसी दिग्गज टेक कंपनियों के ऐप स्टोर्स के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक करने जा रही है। इस चर्चा का मुख्य उद्देश्य एक ऐसी मजबूत व्यवस्था या गाइडलाइन तैयार करना है, जिससे भविष्य में किसी भी ऐसे ऐप को स्टोर पर लिस्ट ही न किया जा सके, जो सार्वजनिक सुरक्षा को नुकसान पहुंचाते हों या किसी भी वाहन या डिवाइस को अनधिकृत रूप से रिमोटली कंट्रोल करने की क्षमता रखते हों।








