राम मंदिर दान चोरी पर RSS का बड़ा बयान, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

SHARE:

अयोध्या के राम जन्मभूमि मंदिर में दानपात्र से चढ़ावा चोरी होने के मामले पर अब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की पहली आधिकारिक और बड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है। संघ के सरकार्यवाक दत्तात्रेय होसबले ने इस घटना पर गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना ने देश और दुनिया भर के करोड़ों रामभक्तों की आस्था को गहरी चोट पहुंचाई है।

संघ सहित सभी रामभक्त बेहद आहत
मामले की संवेदनशीलता को रेखांकित करते हुए आरएसएस सरकार्यवाक दत्तात्रेय होसबले ने कहा, “श्री राम जन्मभूमि पर निर्मित भव्य मंदिर पीढ़ियों के संघर्ष और करोड़ों रामभक्तों के समर्पण, त्याग और बलिदान के कारण संपूर्ण हिन्दू समाज के लिए श्रद्धा, आस्था और भक्ति का केन्द्र बना है।”
उन्होंने आगे कहा कि ऐसे पावन और ऐतिहासिक स्थान पर बने रामलला मंदिर में रखे हुए दान पात्रों से राशि चोरी होना बेहद विचलित करने वाला है। इस दुर्भाग्यपूर्ण कृत्य से समूचे समाज और राम भक्तों की भावना और श्रद्धा को गहरा आघात पहुंचा है, और इस घटना से संघ सहित सभी रामभक्त बेहद आहत हैं।

राजनीति में लगातार घमासान मचा हुआ
दत्तात्रेय होसबले ने शासन और प्रशासन से इस मामले में बिना किसी ढिलाई के त्वरित और कड़ी कार्रवाई करने का आग्रह किया है। संघ की ओर से आए इस कड़े बयान के बाद अब जांच एजेंसियों पर भी दोषियों को जल्द से जल्द बेनकाब करने का दबाव बढ़ गया है। गौरतलब है कि राम मंदिर में चंदा चोरी का यह मामला सामने आने के बाद से ही उत्तर प्रदेश की राजनीति में लगातार घमासान मचा हुआ है। विपक्ष जहाँ इस मुद्दे को लेकर लगातार सरकार और मंदिर प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहा है, वहीं अब इस पूरे विवाद में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शीर्ष नेतृत्व का बयान आना बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। संघ के इस रुख से साफ है कि राम मंदिर की गरिमा और भक्तों की आस्था से जुड़े इस विषय पर किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Kinni Times
Author: Kinni Times