भूकंप से प्रभावित वेनेजुएला की मदद के लिए भारत ने अपने मानवीय राहत अभियान ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’ को और तेज कर दिया है। राहत सामग्री पहुंचाने के साथ-साथ अब भारत प्रभावित लोगों को आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध करा रहा है।
वेनेजुएला की राजधानी काराकास स्थित भारतीय दूतावास ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि ऑपरेशन अमिस्ताद के तहत राहत कार्यों का दायरा बढ़ाया गया है। अभियान का उद्देश्य भूकंप प्रभावित लोगों तक तेजी से राहत पहुंचाना और उन्हें बेहतर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना है।
इस बीच, विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भी एक वीडियो साझा किया, जिसमें वेनेजुएला की एक स्थानीय महिला भारतीय सेना द्वारा दी गई चिकित्सा सहायता के लिए आभार व्यक्त करती नजर आ रही है। महिला ने बताया कि विनाशकारी भूकंप के बाद जब हालात बेहद कठिन थे, तब भारतीय सेना के मेडिकल दल ने तुरंत पहुंचकर उनका और उनके परिवार का इलाज किया और हर संभव मदद उपलब्ध कराई।
भारत का यह मानवीय अभियान प्रभावित लोगों को राहत, स्वास्थ्य सेवाएं और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार सक्रिय है। इससे दोनों देशों के बीच मानवीय सहयोग और मित्रता भी मजबूत होती दिखाई दे रही है।
यह भी पढे
E20 पेट्रोल पर सरकार का बड़ा बयान! पुरानी गाड़ियों को होगा नुकसान या नहीं? https://kinnitimes.com/?p=30810








