राम मंदिर चंदा/चढ़ावा चोरी मामले में अयोध्या बार एसोसिएशन ने एक अहम और सख्त फैसला लिया है। बार एसोसिएशन ने घोषणा की है कि इस मामले में आरोपी बनाए गए किसी भी व्यक्ति की ओर से कोई भी अधिवक्ता अदालत में पैरवी नहीं करेगा।
बार एसोसिएशन की बैठक में सर्वसम्मति से पारित इस निर्णय के अनुसार, यदि कोई अधिवक्ता संगठन के फैसले की अनदेखी करते हुए आरोपियों की ओर से मुकदमा लड़ता है, तो उस पर 5 लाख रुपये का आर्थिक दंड लगाया जाएगा।
बार एसोसिएशन का कहना है कि यह निर्णय समाज की धार्मिक भावनाओं और न्याय व्यवस्था में लोगों के विश्वास को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। संगठन के पदाधिकारियों का मानना है कि राम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और उससे जुड़े मामलों में पारदर्शिता एवं निष्पक्ष न्याय सुनिश्चित होना चाहिए।
हालांकि, इस फैसले को लेकर कानूनी हलकों में चर्चा भी शुरू हो गई है। भारतीय न्याय व्यवस्था में प्रत्येक आरोपी को अपनी पसंद का वकील रखने और निष्पक्ष सुनवाई का अधिकार प्राप्त है। ऐसे में बार एसोसिएशन के इस निर्णय पर आगे कानूनी और संवैधानिक बहस भी देखने को मिल सकती है।
फिलहाल, अयोध्या बार एसोसिएशन के इस फैसले ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर चल रही चर्चाओं को नई दिशा दे दी है।
यह भी पढे
दिल्ली-यूपी में आज भारी बारिश और आंधी का अलर्ट https://kinnitimes.com/?p=30785








