लंबे इंतजार के बाद आखिरकार दक्षिण-पश्चिम मानसून ने मुंबई में जोरदार एंट्री कर ली है। करीब 13 दिन की देरी से पहुंचे मानसून ने शहरवासियों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत दी। सुबह से ही कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, मानसून अब मुंबई समेत महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों के अलावा ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार तक पहुंच चुका है। वहीं आज दिल्ली, उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है।
मुंबई में मानसून की सामान्य आगमन तिथि 10 जून मानी जाती है, लेकिन इस बार इसकी दस्तक में करीब 13 दिनों की देरी हुई। हालांकि मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून की रफ्तार अब तेज है और आने वाले दिनों में देश के अन्य हिस्सों में भी अच्छी बारिश होने की उम्मीद है।
पहली जोरदार बारिश के बावजूद मुंबई की रफ्तार पर ज्यादा असर नहीं पड़ा। शहर के प्रमुख सब-वे खुले रहे, लोकल ट्रेन और BEST बस सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहीं। हालांकि कुछ इलाकों में ट्रैफिक की रफ्तार धीमी रही।
शाम तक मध्य मुंबई के नायर अस्पताल क्षेत्र में सबसे अधिक करीब 79 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं मुंबई को पानी उपलब्ध कराने वाली झीलों के जलग्रहण क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश हुई, जिससे जल भंडारण में सुधार की उम्मीद बढ़ गई। मीठी नदी का जलस्तर भी फिलहाल सामान्य स्तर पर बना हुआ है।
यह भी पढे
ट्रक की टक्कर से ताशा पार्टी के 7 लोगों की मौत https://kinnitimes.com/?p=30690








