झारखंड के रामगढ़ जिले में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर लारी गांव के पास उस समय हुआ, जब मुहर्रम के कार्यक्रम से लौट रही ताशा पार्टी की पिकअप वाहन की कोयला लदे ट्रक से आमने-सामने की टक्कर हो गई।
बताया जा रहा है कि हादसा रात करीब 11:30 बजे हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सात लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले रामगढ़ सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी मृतक ताशा पार्टी के सदस्य थे। वे मुहर्रम के अवसर पर कार्यक्रम प्रस्तुत करने के बाद अपने गांव लौट रहे थे। मृतकों में दो युवक रामगढ़ के रजरप्पा थाना क्षेत्र के मारंगमरचा गांव और पांच कुजू के बलसगरा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। सभी की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच थी।
पुलिस के मुताबिक, पिकअप वाहन गोला से रामगढ़ की ओर जा रहा था, जबकि विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहा कोयला लदा ट्रक उससे टकरा गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है।
दुर्घटना के बाद रामगढ़-बोकारो मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने और इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से रोक लगाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
यह भी पढे
देश और दुनिया से आज की प्रमुख खबरें https://kinnitimes.com/?p=30687








