देशभर में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है। आर्थिक राजधानी मुंबई में लंबे समय से जारी उमस और गर्मी के बाद हुई झमाझम बारिश ने लोगों को बड़ी राहत दी है। हालांकि, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत देश के कई हिस्सों में अभी भी भीषण गर्मी का असर बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून पिछले 15 दिनों में देश के करीब 19 राज्यों तक पहुंच चुका है, लेकिन पिछले नौ दिनों से यह उत्तर प्रदेश और बिहार की सीमा के पास महराजगंज क्षेत्र में ठहरा हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि अनुकूल मौसमी परिस्थितियां बनने के बाद 23 जून के आसपास मानसून फिर से आगे बढ़ेगा और ओडिशा, झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़ तथा तेलंगाना के कुछ और क्षेत्रों को कवर करेगा।
वहीं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मानसून की दस्तक के लिए लोगों को अभी और इंतजार करना पड़ सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली में मानसून जुलाई के पहले सप्ताह तक पहुंच सकता है, जबकि सामान्य तौर पर यह 27 जून के आसपास राजधानी में प्रवेश करता है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इन राज्यों के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश दर्ज की जा रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
इसके अलावा दक्षिण भारत के केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और तेलंगाना में भी अगले 48 घंटों के दौरान भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
आठ राज्यों में गर्मी का कहर जारी
मानसून की सक्रियता के बावजूद देश के करीब आठ राज्यों में भीषण गर्मी का प्रकोप बना हुआ है। उत्तर प्रदेश का बांदा 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर रिकॉर्ड किया गया। प्रयागराज, खजुराहो और ब्रह्मपुरी में भी तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक अगले दो दिनों तक पूर्वी उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में गंभीर हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है। वहीं गुजरात, बिहार, पश्चिम बंगाल और जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में मानसून की रफ्तार बढ़ने के साथ देश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
यह भी पढे
तमिलनाडु में बड़ा हादसा: सीफूड यूनिट में अमोनिया गैस लीक, 7 की मौत https://kinnitimes.com/?p=30493







