तमिलनाडु में बड़ा हादसा: सीफूड यूनिट में अमोनिया गैस लीक, 7 की मौत

SHARE:

तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में एक सीफूड एक्सपोर्ट यूनिट में अमोनिया गैस लीक होने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 67 श्रमिक गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं और अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं। इनमें से 7 लोगों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है।

हादसा पेरियापालयम के पास कनिगाईपायर गांव स्थित सेंट पीटर्स एंड पॉल सीफूड्स एक्सपोर्ट्स फैक्ट्री में हुआ। गैस रिसाव के बाद फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारियों को सांस लेने में दिक्कत, चक्कर और उल्टी जैसी शिकायतें होने लगीं।

जिला कलेक्टर एस. कविता के मुताबिक, प्रभावित सभी श्रमिकों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया। 46 लोगों का इलाज वेल्स अस्पताल में और 21 लोगों का इलाज वेंकटेश्वर अस्पताल में चल रहा है। प्रभावित कर्मचारियों में ज्यादातर उत्तर भारत के मजदूर बताए जा रहे हैं।

तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

फिलहाल प्रशासन मामले की जांच में जुटा है और गैस लीक होने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

 

Kinni Times
Author: Kinni Times