राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई जाने वाली दानराशि को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। आरोप है कि मंदिर परिसर में रखे गए दानपात्रों से प्राप्त धनराशि की गणना के दौरान कुछ कर्मियों ने कथित रूप से हेराफेरी की। मामले में कई संदिग्धों की पहचान कर उनसे पूछताछ की गई है, जबकि कुछ धनराशि बरामद होने की भी चर्चा है।
सूत्रों के अनुसार, राम मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दानपात्रों में नकद राशि अर्पित करते हैं। इस धनराशि की गणना का जिम्मा भारतीय स्टेट बैंक (SBI) को सौंपा गया है, जिसने इस कार्य के लिए एक निजी एजेंसी की सेवाएं ली हुई हैं। आरोप है कि गणना प्रक्रिया के दौरान कुछ कर्मी लंबे समय से धनराशि में गड़बड़ी कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि मामला सीसीटीवी निगरानी के दौरान सामने आया, जिसके बाद कुछ कर्मचारियों को चिन्हित कर पूछताछ शुरू की गई। जांच के दौरान एक कर्मचारी के बैंक खाते से करीब पांच लाख रुपये ट्रस्ट के खाते में वापस जमा कराए जाने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
इस प्रकरण को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मामले की निष्पक्ष जांच और न्यायालय से स्वत: संज्ञान लेने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह मामला करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा हुआ है और इसकी पारदर्शी जांच होनी चाहिए।
वहीं, श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बयान जारी कर कहा है कि ट्रस्ट में समय-समय पर आंतरिक ऑडिट की प्रक्रिया चलती रहती है और वर्तमान में भी ऑडिट जारी है। उनके अनुसार अभी तक कोई बड़ी अनियमितता आधिकारिक रूप से सामने नहीं आई है।
मामले को लेकर मंदिर प्रबंधन, सुरक्षा एजेंसियों और बैंक से जुड़े अधिकारियों की ओर से फिलहाल कोई विस्तृत टिप्पणी नहीं की गई है। हालांकि सूत्रों का दावा है कि प्रारंभिक जांच में कुछ कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई है और पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है।
राम मंदिर जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल से जुड़ा यह मामला सामने आने के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच भी चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सभी की निगाहें जांच के नतीजों और ट्रस्ट की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।
यह भी पढे
दिल्ली-NCR में अगले कुछ दिन उमस और गर्मी https://kinnitimes.com/?p=30271
राजधानी दिल्ली और एनसीआर के लोगों को फिलहाल भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद नहीं https://www.facebook.com/share/p/1TA32UdJDN/







