राजधानी दिल्ली और एनसीआर के लोगों को फिलहाल भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार अगले दो से तीन दिनों तक तापमान ऊंचा बना रहेगा और लोगों को गर्म हवाओं तथा उमस का सामना करना पड़ सकता है।
रविवार को दिल्ली में तेज धूप और उमस भरे मौसम ने लोगों को बेहाल कर दिया। हालांकि अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन नमी के कारण लोगों को करीब 45.1 डिग्री सेल्सियस जैसी गर्मी महसूस हुई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार हीट इंडेक्स का स्तर 45 डिग्री के पार पहुंचने से गर्मी का असर और अधिक बढ़ गया।

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक रविवार को न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा अधिक रहा। वहीं हवा में नमी का स्तर 31 से 65 प्रतिशत के बीच रिकॉर्ड किया गया। दिल्ली के रिज क्षेत्र में सबसे अधिक 41.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
दिनभर तेज धूप के बाद शाम के समय राजधानी के कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी और हल्की बूंदाबांदी भी देखने को मिली। पालम में 2.6 मिमी और आयानगर में 0.3 मिमी बारिश दर्ज की गई।
आईएमडी के अनुसार आने वाले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। इस दौरान कुछ इलाकों में लू चलने की भी संभावना है।
सोमवार को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने और तेज धूप निकलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है। हालांकि 11 और 12 जून को हल्की बारिश के आसार हैं, जिससे तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की जा सकती है और लोगों को आंशिक राहत मिल सकती है।
यह भी पढे
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों की अनदेखी पड़ी भारीhttps://kinnitimes.com/?p=30269
देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने करवट ली https://www.facebook.com/share/p/1HYKG4J26M/







