मुजफ्फरपुर अग्निकांड: ICU में लगी भीषण आग

SHARE:

मुजफ्फरपुर, 4 जून 2026। दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड के बाद अब बिहार के मुजफ्फरपुर से एक बड़ा हादसा सामने आया है। शहर के ब्रह्मपुरा क्षेत्र स्थित प्रसाद हॉस्पिटल में गुरुवार तड़के भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर बने आईसीयू वार्ड में लगी, जिसके बाद पूरे भवन में धुआं फैल गया और मरीजों तथा उनके परिजनों के बीच हड़कंप मच गया।

जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन के अनुसार फिलहाल 3 मरीजों की मौत की आधिकारिक पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य मरीजों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। शुरुआती रिपोर्टों में मृतकों की संख्या अधिक होने की आशंका जताई गई थी, लेकिन प्रशासन ने इसकी पुष्टि नहीं की है।

आईसीयू वार्ड से शुरू हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक आग तड़के करीब 3 बजे लगी। देखते ही देखते धुआं पूरे अस्पताल में फैल गया। आईसीयू में भर्ती मरीज सबसे अधिक प्रभावित हुए। दम घुटने और धुएं के कारण कई मरीजों की हालत गंभीर हो गई।

दमकल विभाग की करीब एक दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया। कई मरीजों को खिड़कियां और दरवाजे तोड़कर बाहर निकाला गया। बचाए गए मरीजों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

13 बेड के वार्ड में भर्ती थे 15 मरीज

डीएम ने बताया कि जिस आईसीयू वार्ड में आग लगी, वहां 13 बेड की क्षमता के बावजूद 15 मरीज भर्ती थे। आग की चपेट में आकर आईसीयू वार्ड के इंचार्ज भी झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दिल्ली अग्निकांड के बाद बिहार में बड़ा हादसा: मुजफ्फरपुर के अस्पताल में लगी  भीषण आग, कई मरीजों की मौत - muzaffarpur hospital fire many patients dead in  icu blaze

बुजुर्ग महिला ने बचाई कई लोगों की जान

घटना के दौरान आईसीयू में भर्ती एक बुजुर्ग महिला ने सबसे पहले धुआं और आग की जानकारी सुरक्षा गार्ड को दी। समय रहते सूचना मिलने से राहत एवं बचाव कार्य तेजी से शुरू किया जा सका और कई मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही के आरोप

हादसे के बाद मरीजों के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि आग लगने के बाद अस्पताल का स्टाफ और कुछ कर्मचारी मौके से चले गए, जिससे मरीजों को समय पर सहायता नहीं मिल सकी।

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में फायर कंट्रोल सिस्टम सही तरीके से काम नहीं कर रहा था। वहीं कुछ लोगों ने दावा किया कि सीढ़ियों का गेट बंद होने के कारण मरीजों को बाहर निकालने में काफी परेशानी हुई।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच शुरू

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि प्रशासन ने विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं। अस्पताल परिसर को सील कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और सुरक्षा मानकों की भी जांच की जा रही है।

घर में शॉर्ट सर्किट: कारण, संकेत और आसान रोकथाम के उपाय

अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

मुजफ्फरपुर अस्पताल अग्निकांड ने एक बार फिर निजी अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन तैयारियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढे

देश और दुनिया की बड़ी खबरों पर एक नजर https://kinnitimes.com/?p=30211

बंगाल में NIA की कार्रवाई https://www.facebook.com/share/p/1cLH77t7wk/

Kinni Times
Author: Kinni Times

सबसे ज्यादा पड़ गई