देश और दुनिया में आज राजनीतिक हलचल, NEET पेपर लीक विवाद, मिडिल ईस्ट तनाव और अंतरराष्ट्रीय कूटनीति सुर्खियों में रही। नेता विपक्ष राहुल गांधी सीबीआई डायरेक्टर चयन बैठक के लिए प्रधानमंत्री आवास पहुंचे, जबकि बंगाल में राजनीतिक घटनाक्रम तेज रहा। वहीं NEET परीक्षा रद्द होने के बाद CBI ने जांच शुरू कर दी है और कई लोगों को हिरासत में लिया गया है।

असम में हिमंता बिस्वा सरमा ने दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। पीएम नरेंद्र मोदी भी इस कार्यक्रम में मौजूद रहे। दूसरी तरफ तमिलनाडु में सीएम विजय ने बड़ा फैसला लेते हुए पूजा स्थलों, स्कूलों और बस स्टैंड के पास की 717 शराब की दुकानों को बंद करने का ऐलान किया।
अंतरराष्ट्रीय मोर्चे पर रूस-यूक्रेन सीजफायर खत्म होने के बाद कीव पर रूसी ड्रोन हमला हुआ। मिडिल ईस्ट में होर्मुज संकट गहराता दिख रहा है। सऊदी अरब ने चेतावनी दी है कि अगर होर्मुज जलडमरूमध्य बंद हुआ तो दुनिया में पेट्रोल और जेट ईंधन का बड़ा संकट पैदा हो सकता है। इसी बीच पाकिस्तान ने रूस से तेल खरीद बढ़ाने के संकेत दिए हैं।
अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की लोकप्रियता को झटका लगा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी डिसअप्रूवल रेटिंग 70 फीसदी तक पहुंच गई है। वहीं ट्रंप ने चीन यात्रा को लेकर उत्साह जताते हुए शी जिनपिंग की तारीफ की।
दिल्ली, श्रीनगर और पाकिस्तान से भी बड़ी खबरें सामने आईं। नेहरू प्लेस छेड़छाड़ केस में 4 आरोपी हिरासत में लिए गए, जबकि श्रीनगर में दो संदिग्ध आतंकियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया। पाकिस्तान में बाजार में हुए धमाके में 9 लोगों की मौत और 35 लोग घायल हुए।
खेल जगत में दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स को हराकर लगातार चौथी हार थमा दी। वहीं राजनीति में शरद पवार ने ऑल पार्टी मीटिंग की मांग की है और पीएम मोदी से इसमें शामिल होने की अपील की है।







