मिडिल-ईस्ट में जारी तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है और इसका असर पूरी दुनिया पर दिखाई देने लगा है। ताज़ा घटनाक्रम में अमेरिका ने ईरान के सुप्रीम लीडर और उनके करीबी अधिकारियों की जानकारी देने वालों के लिए 10 मिलियन डॉलर (लगभग 80 करोड़ रुपये) तक के इनाम की घोषणा की है। वहीं अमेरिका ने यह भी ऐलान किया है कि ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की जानकारी देने पर 1 अरब डॉलर का इनाम दिया जाएगा।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिकी सेना ने ईरान के महत्वपूर्ण तेल केंद्र खर्ग आइलैंड पर बमबारी की है और ईरान की लगभग 90 प्रतिशत मिसाइलें नष्ट कर दी गई हैं। ट्रंप ने यह भी बताया कि मिडिल-ईस्ट में बढ़ते युद्ध के बीच अब तक 50 हजार से अधिक अमेरिकी नागरिकों को वहां से वापस बुलाया जा चुका है।
इस बीच अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि उन्हें सिर्फ इतना पता है कि ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई घायल हैं। दूसरी तरफ ईरान और इजरायल के बीच हमले लगातार जारी हैं। ईरान ने इजरायल के तेल अवीव पर कई मिसाइलें दागीं, जिससे शहर का आसमान मिसाइलों से भर गया।
इजरायल की ओर से भी जवाबी कार्रवाई तेज हो गई है। खबर है कि लेबनान की राजधानी बेरूत की तरफ रॉकेट दागे गए हैं, जबकि दक्षिणी लेबनान के एक हेल्थकेयर सेंटर पर हुए हमले में 12 मेडिकल स्टाफ की मौत हो गई।
इस युद्ध का असर खेल जगत पर भी पड़ रहा है। सुरक्षा कारणों से बहरीन और सऊदी अरब में होने वाली फॉर्मूला-1 रेस रद्द होने की संभावना जताई जा रही है।
वहीं मिडिल-ईस्ट में बढ़ते खतरे के बीच कतर से लगभग 500 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित भारत के लिए रवाना किया गया है।
इसी बीच भारत में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोलकाता में करीब 18 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।







