दक्षिणी दिल्ली के ग्राम असोला, खसरा संख्या 196, थाना मैदान गढ़ी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार यहां लगभग 2000 वर्ग मीटर क्षेत्र में करीब 200 अवैध कमर्शियल फ्लैट्स और बेसमेंट सहित 6 मंजिला इमारत का निर्माण तेजी से किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि यह निर्माण पिछले लगभग 6 महीनों से लगातार चल रहा है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
सूत्रों के अनुसार 20 फरवरी 2026 को MCD द्वारा निर्माण को लेकर नोटिस जारी किया गया था, लेकिन नोटिस के बाद भी निर्माण कार्य नहीं रुका। उल्टा, निर्माण स्थल पर हाल ही में 6वीं मंजिल का लेंटेर डाला जा रहा है, जिससे यह सवाल खड़े हो रहे हैं कि जब काम कई महीनों से चल रहा था तो पिछले चार महीनों तक पुलिस, प्रशासन और MCD ने क्या कार्रवाई की?

स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय भारी संख्या में मजदूरों और मशीनों के जरिए निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इससे क्षेत्र में ध्वनि प्रदूषण, धूल और पर्यावरण संबंधी समस्याएं भी बढ़ रही हैं।
आरोप यह भी है कि MCD के नोटिस के बावजूद निर्माण कार्य जारी है, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था और निगरानी पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
मामले को लेकर अब CBI जांच और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग उठ रही है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह मामला सरकारी भूमि, पर्यावरण नियमों और भ्रष्टाचार से जुड़ा बड़ा घोटाला साबित हो सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो अवैध निर्माण पूरी तरह खड़ा हो जाएगा, जिससे भविष्य में सुरक्षा और कानूनी समस्याएं भी पैदा हो सकती हैं।
सरकारी एजेंसियों से मांग की जा रही है कि
अवैध निर्माण को तुरंत रोका जाए
पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए
जिम्मेदार अधिकारियों और बिल्डरों पर सख्त कार्रवाई की जाए








