मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच हालात लगातार गंभीर होते जा रहे हैं। सऊदी अरब ने दावा किया है कि उसकी एयर डिफेंस प्रणाली ने कुछ ही घंटों में 38 ड्रोन मार गिराए हैं। माना जा रहा है कि ये ड्रोन क्षेत्र में बढ़ते सैन्य टकराव से जुड़े हो सकते हैं।
इसी बीच ईरान ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर उसके ऑयल ठिकानों पर हमला किया गया तो वह पूरे क्षेत्र के तेल और गैस भंडारों को निशाना बना सकता है, जिससे वैश्विक ऊर्जा संकट और गहरा सकता है।
कतर ने दक्षिणी लेबनान में इजरायली हमले की कड़ी निंदा करते हुए क्षेत्र में बढ़ती हिंसा पर चिंता जताई है। वहीं लेबनान की राजधानी बेरूत में देर रात जोरदार धमाकों की खबर सामने आई है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
उधर अमेरिकी सेना के अनुसार इराकी एयरस्पेस में अमेरिका का एक सैन्य विमान क्रैश हो गया। हालांकि हादसे के कारणों को लेकर अभी जांच जारी है। इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मिशिगन में हुए हमले की निंदा करते हुए कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक ईरान से जुड़े संघर्ष की वजह से पूरे मिडिल ईस्ट में करीब 41 लाख लोग विस्थापित हो चुके हैं, जिससे मानवीय संकट भी गहराता जा रहा है।
देश की राजनीति की बात करें तो कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज लखनऊ में कांशीराम जयंती कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से असम के दौरे पर रहेंगे।
इसके अलावा सोनिया गांधी की नागरिकता से जुड़ी याचिका पर आज अदालत में सुनवाई होने वाली है, जिस पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।







