देशभर में रसोई गैस के दामों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। 7 मार्च से घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की वृद्धि लागू हो गई है, जबकि कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 115 रुपये महंगा हो गया है। नई दरें शनिवार से पूरे देश में प्रभावी हो गई हैं।
नई कीमतों के अनुसार राजधानी नई दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाला घरेलू गैस सिलेंडर अब 853 रुपये से बढ़कर 913 रुपये का हो गया है। वहीं मुंबई में इसकी कीमत 852.50 रुपये से बढ़कर 912.50 रुपये और चेन्नई में 868.50 रुपये से बढ़कर 928.50 रुपये कर दी गई है।
व्यावसायिक उपयोग में आने वाले 19 किलोग्राम के सिलेंडर की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई है। नई दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर 1768.50 रुपये से बढ़कर 1883 रुपये हो गया है। मुंबई में इसकी कीमत 1720.50 रुपये से बढ़कर 1835 रुपये हो गई है। वहीं कोलकाता में यह 1875.50 रुपये से बढ़कर 1990 रुपये और चेन्नई में 1929 रुपये से बढ़कर 2043.50 रुपये तक पहुंच गया है।
कमर्शियल सिलेंडर की कीमत बढ़ने से होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारों पर सीधा असर पड़ने की संभावना है। गौरतलब है कि अप्रैल 2025 के बाद यह पहली बार है जब घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बदलाव किया गया है।








