दिल्ली में दिल दहला देने वाली वारदात: मां ने दो बेटियों की हत्या कर खुदकुशी की कोशिश

SHARE:

दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में गुरुवार शाम एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। यहां एक महिला ने कथित तौर पर अपनी दो मासूम बेटियों की हत्या कर दी और इसके बाद खुद भी आत्महत्या करने की कोशिश की। पुलिस ने समय रहते दरवाजा तोड़कर महिला को बचा लिया, लेकिन उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार दिल्ली पुलिस को शाम करीब 6:10 बजे PCR कॉल मिली कि एक महिला कमरे का दरवाजा नहीं खोल रही है और अंदर से कोई आवाज भी नहीं आ रही। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और वीडियोग्राफी के बीच दरवाजा तोड़ा गया।

घर के अंदर पुलिस को एक कमरे में लड़की का शव मिला, जिसके चेहरे पर तकिया रखा हुआ था। वहीं दूसरे कमरे में दूसरी लड़की की लाश मिली, जिसकी गर्दन पर रस्सी लिपटी हुई थी। दोनों की पहचान सगी बहनों के रूप में हुई।

इसके बाद जब पुलिस ने दूसरे कमरे की जांच की तो वहां उनकी मां फंदे से लटकी हुई बेहोश मिली। पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे नीचे उतारा और इलाज के लिए AIIMS Trauma Center भेजा, जहां उसका इलाज जारी है।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला ने पहले दोनों बेटियों की हत्या की और फिर खुदकुशी का प्रयास किया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। साथ ही क्राइम और फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस आसपास के लोगों और महिला के रिश्तेदारों से भी पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि महिला के होश में आने के बाद उसके बयान के आधार पर ही इस दर्दनाक घटना की असली वजह सामने आ सकेगी।

Kinni Times
Author: Kinni Times

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *