मां दुर्गा की आराधना का पावन पर्व चैत्र नवरात्रि शुरू होने में अब कुछ ही दिन बाकी हैं। हर साल यह पर्व हिंदू पंचांग के अनुसार चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से शुरू होता है। इसी दिन से हिंदू नववर्ष की शुरुआत भी मानी जाती है।
कब से शुरू होंगे चैत्र नवरात्रि
हिंदू पंचांग के अनुसार प्रतिपदा तिथि 19 मार्च 2026 को सुबह 6:53 बजे से शुरू होकर 20 मार्च 2026 को सुबह 4:53 बजे तक रहेगी। चूंकि प्रतिपदा तिथि 19 मार्च को सूर्योदय के बाद शुरू हो रही है और अगले दिन सूर्योदय से पहले समाप्त हो रही है, इसलिए इस वर्ष नवरात्रि की शुरुआत 19 मार्च 2026, गुरुवार से मानी जाएगी।
नवरात्रि का पूरा कैलेंडर
19 मार्च – मां शैलपुत्री पूजा और घटस्थापना
20 मार्च – मां ब्रह्मचारिणी पूजा
21 मार्च – मां चंद्रघंटा पूजा
22 मार्च – मां कुष्मांडा पूजा
23 मार्च – मां स्कंदमाता पूजा
24 मार्च – मां कात्यायनी पूजा
25 मार्च – मां कालरात्रि पूजा
26 मार्च – मां महागौरी पूजा (दुर्गा अष्टमी)
27 मार्च – मां सिद्धिदात्री पूजा और नवरात्रि पारण
घटस्थापना का शुभ मुहूर्त
इस बार घटस्थापना के लिए दो विशेष शुभ मुहूर्त बन रहे हैं:
सुबह का मुहूर्त: सुबह 6:53 बजे से 7:56 बजे तक
अभिजीत मुहूर्त: दोपहर 12:05 बजे से 12:53 बजे तक
इसके अलावा दोपहर 12:26 बजे से 12:53 बजे तक लाभ चौघड़िया भी बन रहा है, जिसे कलश स्थापना के लिए अत्यंत शुभ माना जा रहा है।
किस वाहन पर आएंगी मां दुर्गा
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस वर्ष नवरात्रि की शुरुआत गुरुवार को होने के कारण मां दुर्गा डोली (पालकी) पर सवार होकर आएंगी। शास्त्रों में डोली पर आगमन को शुभ संकेत नहीं माना जाता, इसे रोग और संकट का संकेत भी बताया गया है।
नवरात्रि के नौ दिनों तक भक्त मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा-अर्चना कर व्रत रखते हैं और घर-घर में घटस्थापना के साथ धार्मिक अनुष्ठान किए जाते हैं।








