बोकारो के सेक्टर-6 थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बीएस सिटी कॉलेज के पास झाड़ियों में एक महिला का अर्धनग्न शव बरामद हुआ। मृतका की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों की सूचना पर थाना प्रभारी संगीता कुमारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। जांच के दौरान सामने आया कि महिला का चेहरा पत्थर से कुचला गया था, जिससे पहचान छिपाने की कोशिश की गई हो सकती है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी हरविंदर सिंह भी मौके पर पहुंचे और जांच अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मामले की तह तक जाने के लिए खोजी कुत्तों की टीम को बुलाया गया है। वहीं रांची से विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम को भी साक्ष्य जुटाने के लिए मौके पर बुलाया गया।
शहर में इस घटना को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है और पुलिस पर जल्द खुलासे का दबाव बढ़ गया है। महिला के कपड़ों के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि वह आस-पास के किसी गांव की रहने वाली हो सकती है।
पुलिस ने शव की शिनाख्त के लिए महिला की तस्वीरें जिले समेत आसपास के सभी थानों को भेज दी हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव की पहचान होते ही कई अहम कड़ियां जुड़ जाएंगी, जिससे आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
प्रारंभिक जांच और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को आशंका है कि महिला के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और फिर हत्या कर दी गई। सबूत मिटाने के इरादे से चेहरे को पत्थर से कुचले जाने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच में जुटी हुई है।








