कुपवाड़ा में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम, LoC के पास हथियारों का जखीरा बरामद

SHARE:

जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सुरक्षाबलों ने एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया है। लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) के पास स्थित एक जंगल क्षेत्र से आतंकियों द्वारा छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है।

अधिकारियों के मुताबिक, बुधवार को सेना और सुरक्षा एजेंसियों ने करनाह तहसील के रति तारी जंगल इलाके में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान आतंकियों के ठिकाने से हथियारों का जखीरा हाथ लगा।

बरामद सामग्री में चार पिस्तौल, सात पिस्तौल मैगजीन, तीन AK मैगजीन और 308 AK-47 राउंड शामिल हैं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि इन हथियारों का इस्तेमाल सीमा पार से घुसपैठ या किसी बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने के लिए किया जाना था।

सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है और आतंकियों की तलाश जारी है। फिलहाल किसी आतंकी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षाबलों को इलाके में संदिग्ध गतिविधियों के इनपुट मिले हैं।

सुरक्षा एजेंसियां इस बरामदगी को सीमा क्षेत्र में सक्रिय आतंकी नेटवर्क के लिए बड़ा झटका मान रही हैं।

Kinni Times
Author: Kinni Times

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *