महाराष्ट्र के बारामती में बुधवार सुबह उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान के लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त होने की रिपोर्ट्स सामने आई हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार यह हादसा रनवे पर उतरते समय हुआ। घटना के बाद विमानन सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
सूत्रों के मुताबिक, विमान के पायलट ने लैंडिंग से पहले संकरे रनवे को देखते हुए इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी थी। बताया जा रहा है कि लैंडिंग के दौरान विमान का नोज रनवे से टकरा गया, जिसके बाद यह दुर्घटना हुई। हालांकि, इन जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने हादसे की जानकारी मिलने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। वहीं, विमान हादसों की जांच करने वाली एजेंसी AAIB (Aircraft Accident Investigation Bureau) की टीम दिल्ली से घटनास्थल के लिए रवाना हो रही है, जो तकनीकी, मानवीय और मौसम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच करेगी।
एविएशन से जुड़ी अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टों के अनुसार, दुनिया भर में होने वाले अधिकांश विमान हादसों के पीछे तकनीकी खराबी एक बड़ी वजह मानी जाती है। इसके अलावा खराब मौसम, दृश्यता में कमी और रनवे की स्थिति भी दुर्घटनाओं में अहम भूमिका निभा सकती है।
फिलहाल हादसे की असल वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। प्रशासन और जांच एजेंसियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार किया जाए।








