भारत आज 26 जनवरी 2026 को अपना 77वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। इस अवसर पर दिल्ली के कर्तव्य पथ पर भव्य परेड और रंग-बिरंगी झांकियों के जरिए देश की सांस्कृतिक विविधता, सैन्य शक्ति और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रदर्शन किया जा रहा है। इस वर्ष गणतंत्र दिवस की थीम ‘वंदे मातरम् के 150 वर्ष’ रखी गई है।
इस बार समारोह में यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कर्तव्य पथ पर आज मजबूत और सशक्त भारत की झलक देखने को मिलेगी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि संविधान हमें स्वतंत्रता, समता, न्याय और बंधुता का अमूल्य उपहार देता है। सीएम योगी ने युवाओं से संविधान के आदर्शों को अपनाकर नए उत्तर प्रदेश के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
कांग्रेस ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और स्वतंत्रता सेनानियों व संविधान निर्माताओं को सलाम किया। पार्टी ने कहा कि उनके बलिदानों की बदौलत ही भारत को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और भाईचारे पर आधारित गणतंत्र मिला है।
भारतीय वायुसेना ने अपने संदेश में कहा कि वह हमेशा सतर्क रहकर देश के आसमान की रक्षा करने और संविधान के आदर्शों को सम्मान व साहस के साथ बनाए रखने के लिए संकल्पबद्ध है।
इस बीच, सिक्किम में 16 हजार फीट की ऊंचाई पर बर्फ से ढकी घाटी में भी देशभक्ति के जोश के साथ तिरंगा फहराया गया। पूरे देश में गणतंत्र दिवस को गर्व, उत्साह और राष्ट्रभक्ति के भाव के साथ मनाया जा रहा है।








