देशभर में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी और दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश के बाद कड़ाके की ठंड लौट आई है। मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर भारत समेत 9 राज्यों के लिए बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है।
IMD के मुताबिक, फिलहाल एक एक्टिव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस उत्तर भारत को प्रभावित कर रहा है, जिसकी वजह से तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है। कई इलाकों में पारा 8 से 9 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया है। अगले 48 घंटों में हालात और बिगड़ सकते हैं।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 26, 27 और 28 जनवरी को एक और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस दस्तक देगा। इसका असर पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान और मध्य प्रदेश तक देखने को मिलेगा। खास तौर पर 27 जनवरी को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
भारी बारिश का अलर्ट जिन राज्यों में जारी किया गया है, उनमें हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, तमिलनाडु और पुडुचेरी शामिल हैं। इन इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटा तक रहने का अनुमान है। कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।
मैदानी इलाकों की बात करें तो पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में 27 और 28 जनवरी को हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं।
दिल्ली-एनसीआर में अगले 48 घंटे तक आंशिक बादल छाए रहेंगे। हल्का कोहरा और ठंड बनी रहेगी। बारिश के साथ तेज हवाओं की भी संभावना है।
उत्तर प्रदेश में 26 से 28 जनवरी के बीच बारिश का अनुमान है। तापमान में 3 से 6 डिग्री तक गिरावट हो सकती है और सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है।
हिमाचल प्रदेश में पहले ही भारी बर्फबारी से कई सड़कें बंद हो चुकी हैं। मौसम विभाग ने ऊंचाई वाले इलाकों में भारी हिमपात का अलर्ट जारी किया है।
उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में भी हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करें।








