देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। शाहदरा जिले के मौजपुर इलाके में देर रात 24 वर्षीय युवक फैजान उर्फ फज्जी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात शुक्रवार रात करीब 11:28 बजे हुई, जब अज्ञात हमलावरों ने फैजान पर ताबड़तोड़ फायरिंग की।
मृतक के भाई सलमान के मुताबिक फैजान को तीन गोलियां मारी गईं। एक गोली उसके सिर में लगी, जो आर-पार हो गई, जबकि दो गोलियां उसकी छाती में लगीं। सलमान ने यह भी आरोप लगाया कि फैजान पर फायरिंग के दौरान दो मैगजीन तक खाली कर दी गईं। उसके हाथों पर कट के निशान भी थे, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसे चाकू भी मारा गया।
इस हत्याकांड के बाद सलमान ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस सिर्फ दो राउंड फायर होने की बात कर रही है, जबकि असल में गोलियों की संख्या ज्यादा थी। सलमान का कहना है कि फैजान बेहद सीधा-सादा युवक था और उसने कुछ समय पहले लोन लिया था। लोन न चुका पाने पर आरोपी बाप-बेटे उनके घर आए थे और झगड़ा किया था।
परिवार का आरोप है कि धमकियों को लेकर भजनपुरा थाने में पहले ही शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब सलमान ने इंसाफ की मांग करते हुए दोनों आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की अपील की है।
फिलहाल हत्या के बाद से आरोपी बाप-बेटे फरार हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।








