दिल्ली-एनसीआर में तीन साल बाद सबसे सर्द सुबह, शीतलहर और प्रदूषण ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें

SHARE:

दिल्ली और एनसीआर में कड़ाके की ठंड ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। राजधानी में तीन साल बाद जनवरी की सबसे सर्द सुबह दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक आज भी पूरे दिन शीतलहर का असर बना रह सकता है। ठंडी हवाओं और अत्यधिक नमी के चलते ठिठुरन और ज्यादा महसूस की जा रही है।

दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों अधिकतम तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। सुबह के समय नमी का स्तर 97 से 98 प्रतिशत तक पहुंच रहा है, जिससे ठंड और अधिक बढ़ गई है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो बीते तीन वर्षों में जनवरी का सबसे कम तापमान माना जा रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार 15 जनवरी से तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, लेकिन सुबह और रात के समय मध्यम से घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है।

किस इलाके में सबसे ज्यादा ठंड
आंकड़ों के मुताबिक सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी कम है। पालम में तापमान 4 डिग्री, लोधी रोड में 3 डिग्री, रिज इलाके में 4.4 डिग्री और आयानगर में 3.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार जब न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री या उससे अधिक नीचे चला जाता है, तो शीतलहर की स्थिति मानी जाती है।

प्रदूषण ने बढ़ाई परेशानी
ठंड के साथ-साथ दिल्ली की हवा भी लोगों को परेशान कर रही है। राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गया है। औसत एक्यूआई 337 दर्ज किया गया, जबकि कई इलाकों में स्थिति और गंभीर रही। आनंद विहार में एक्यूआई 411 रिकॉर्ड किया गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है। खराब हवा और कड़ाके की ठंड के चलते लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Kinni Times
Author: Kinni Times

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *