भारत-बांग्लादेश सीमा से हो रही थी सोने की तस्करी, DRI ने पकड़ा ₹40 करोड़ का माल

SHARE:

नई दिल्ली/अगरतला: डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने अंतरराष्ट्रीय सोना तस्करी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 29 किलो से ज्यादा विदेशी सोना और करीब ₹2.90 करोड़ नकद जब्त किया है। इस कार्रवाई से दुबई और बांग्लादेश से संचालित एक बड़े गोल्ड स्मगलिंग सिंडिकेट का पर्दाफाश हुआ है।

PIB की रिपोर्ट के मुताबिक, DRI ने खुफिया इनपुट के आधार पर दिल्ली और अगरतला में एक साथ छापेमारी की। 6 जनवरी को एक लॉजिस्टिक्स वेयरहाउस से सिंडिकेट के एक सदस्य को गिरफ्तार किया गया, जो त्रिपुरा के अगरतला से आए दो कंसाइनमेंट की डिलीवरी लेने पहुंचा था। जांच में 15 किलो विदेशी सोना बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब ₹20.73 करोड़ आंकी गई है। इस सोने पर इंटरनेशनल रिफाइनरी के निशान मौजूद थे।

बांग्लादेश कनेक्शन आया सामने

इसके बाद दिल्ली और अगरतला में कई ठिकानों पर तलाशी ली गई, जहां से अतिरिक्त 14.2 किलो विदेशी सोना और ₹2.90 करोड़ कैश बरामद हुआ। जब्त नकदी में भारतीय के साथ-साथ बांग्लादेशी करेंसी भी शामिल है।

कुल बरामदगी करीब ₹40 करोड़

कस्टम एक्ट के तहत DRI ने कुल 29.2 किलो सोना, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹40 करोड़ है, जब्त किया है। मामले में सिंडिकेट से जुड़े चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

भारत-बांग्लादेश सीमा से होती थी तस्करी

जांच में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह त्रिपुरा की भारत-बांग्लादेश सीमा के रास्ते सोना भारत में दाखिल कराता था। इसके बाद दुबई और बांग्लादेश में बैठे हैंडलर्स तथा अगरतला के ज्वेलरी कारोबारियों की मदद से घरेलू कार्गो सेवाओं के जरिए सोना दिल्ली भेजा जाता था।

DRI का कहना है कि इस कार्रवाई से अवैध सोने की तस्करी पर बड़ा प्रहार हुआ है और देश की आर्थिक सुरक्षा के साथ-साथ पारदर्शी व्यापार व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

 

Kinni Times
Author: Kinni Times

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *