स्मॉग की मोटी चादर में लिपटी दिल्ली-NCR, विजिबिलिटी बेहद कम; 400 के पार पहुंचा AQI, कब मिलेगी राहत?

SHARE:

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उससे सटे एनसीआर इलाके सोमवार सुबह घने स्मॉग और जहरीली हवा की चपेट में नजर आए। कोहरे और प्रदूषण की मोटी परत के कारण विजिबिलिटी काफी कम हो गई, जिससे आम जनजीवन के साथ-साथ हवाई यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ। लगातार खराब दृश्यता के चलते दिल्ली एयरपोर्ट से रोजाना 50 से अधिक उड़ानें या तो रद हो रही हैं या देरी से संचालित की जा रही हैं।

हवा की बिगड़ती गुणवत्ता को देखते हुए एयर क्वालिटी मैनेजमेंट कमीशन (CAQM) ने पूरे एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के स्टेज-IV के तहत सख्त पाबंदियां लागू कर दी हैं। इसके बावजूद राजधानी की हवा दमघोंटू बनी हुई है और लोगों को राहत मिलती नजर नहीं आ रही।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, सोमवार सुबह दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 377 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। राजधानी के कई इलाकों में एक्यूआई 400 के पार पहुंच गया, जो स्वास्थ्य के लिए बेहद गंभीर माना जाता है।

आनंद विहार, बवाना, जहांगीरपुरी, मुंडका, नरेला और वजीरपुर जैसे इलाकों में प्रदूषण का स्तर बेहद चिंताजनक रहा। वहीं एनसीआर के नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में भी हवा की गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में बनी हुई है।

वायु गुणवत्ता पर नजर रखने वाली एजेंसियों के मुताबिक, मौसम की मौजूदा परिस्थितियों में तुरंत सुधार के संकेत नहीं हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि जब तक तेज हवा या बारिश नहीं होती, तब तक स्मॉग से राहत मिलना मुश्किल है। प्रशासन ने लोगों को अनावश्यक बाहर निकलने से बचने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की सलाह दी है।

 

Kinni Times
Author: Kinni Times

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *