उत्तर भारत में ठंड इस समय पूरी तरह हावी है। दिल्ली, यूपी, बिहार, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, कश्मीर, हिमाचल और मध्य प्रदेश में कड़ाके की सर्दी महसूस की जा रही है। मौसम विभाग ने इन राज्यों के कई इलाकों में शीतलहर और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। सुबह के समय धुंध और ठंडी हवाएँ लोगों की परेशानी बढ़ा रही हैं।
दिल्ली-NCR का मौसम
दिल्ली-NCR में आज तेज ठंड पड़ रही है। सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहा, जबकि दिन में मौसम साफ और धूप से भरा रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 23–24°C और न्यूनतम तापमान 8–10°C के आसपास रहने की संभावना है।
उत्तर भारत में कोहरे का असर
हरियाणा, पंजाब, यूपी और बिहार में सुबह के समय घना कोहरा छाने के आसार हैं। पंजाब के आदमपुर में पारा 2.8°C तक पहुंच गया है, जो इस सीजन का न्यूनतम तापमानों में से एक है। राजस्थान में सुबह धुंध और हल्की बादलवाही बनी रह सकती है।
मौसम विभाग ने उत्तर भारत के कई हिस्सों में अगले दो दिनों तक शीतलहर जारी रहने की चेतावनी दी है।
कश्मीर और हिमाचल में पारा लुढ़का
कश्मीर और हिमाचल में तापमान 5°C से नीचे दर्ज किया जा रहा है। ऊपरी इलाकों में हाल ही में हुई बर्फबारी की ठंडी हवाएं मैदानी क्षेत्रों को भी प्रभावित कर रही हैं। कई स्थानों पर पाला पड़ने की संभावना है। मध्य प्रदेश में भी पारा 10°C से नीचे चला गया है और दो दिनों के लिए शीतलहर का अलर्ट है।
दक्षिण भारत का मौसम
पिछले 24 घंटों में तटीय तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। अगले एक दिन में तमिलनाडु और अंडमान-निकोबार में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। वहीं लक्षद्वीप और आंतरिक तमिलनाडु में हल्की बारिश की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भी आज घना कोहरा छा सकता है।







