पूर्वी दिल्ली में रोड रेज की गंभीर घटना सामने आई है। कड़कड़डूमा कोर्ट के एक अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश पर बाइक सवार बदमाश ने सरेआम हमला कर दिया और उनका फोन लूटने का प्रयास किया। जज के विरोध करने पर आरोपी ने धमकाते हुए फरार हो गया। मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
क्या है मामला?
कृष्णा नगर थाना क्षेत्र में जज बलविंदर सिंह अपनी कार से कोर्ट जा रहे थे। आजाद नगर मेट्रो स्टेशन की रेडलाइट पर पीछे से आए बाइक सवार ने अचानक ओवरटेक कर उनकी गाड़ी रोक ली। हार्न बजाने पर बदमाश भड़क गया और गाड़ी का दरवाजा खोलकर जज को पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान उसने कार में रखे फोन को भी छीनने की कोशिश की।
बदमाश का दुस्साहस — नंबर प्लेट गायब, धमकी देकर भागा
पीड़ित ने उसकी बाइक की फोटो लेने की कोशिश की तो देखा कि बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी। जज के अनुसार, आरोपी ने धमकी देते हुए कहा कि उस पर पहले से कई केस हैं, पुलिस या कोर्ट उसका कुछ नहीं बिगाड़ पाएंगे। इसके बाद वह बाइक लेकर फरार हो गया।
ड्यूटी पूरी कर दर्ज करवाई FIR
हमले के बावजूद जज ने हिम्मत नहीं हारी। वह पहले अदालत पहुंचे और पूरे दिन अपनी ड्यूटी निभाने के बाद कृष्णा नगर थाने जाकर एफआईआर दर्ज करवाई। पुलिस ने हत्या का प्रयास, हमला और आपराधिक धमकी समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस सुरक्षा नहीं थी उपलब्ध
जज बलविंदर सिंह अपने परिवार के साथ आजाद नगर में रहते हैं और उनके पास कोई पुलिस सुरक्षा उपलब्ध नहीं है। घर से कड़कड़डूमा कोर्ट की दूरी महज दो किलोमीटर है, जहां वह रोजाना खुद गाड़ी चलाकर पहुंचते हैं।








