दिल्ली में वायु प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है और शहर की हवा नौ दिनों से लगातार ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक राजधानी के 11 इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) ‘गंभीर’ स्तर पर पहुंच गया है। डॉक्टरों ने बढ़ते प्रदूषण के बीच लोगों को मास्क पहनने, बाहर कम निकलने और विशेष रूप से बच्चों–बुजुर्गों का ध्यान रखने की सलाह दी है।
AQI में बढ़ोतरी, कई इलाकों में हालात गंभीर
शनिवार सुबह 9 बजे दिल्ली का औसत AQI 360 दर्ज किया गया, जो शाम तक बढ़कर 370 पहुंच गया। CPCB के ‘समीर’ ऐप के अनुसार, 20 से अधिक मॉनिटरिंग स्टेशनों ने ‘बहुत खराब’ श्रेणी की हवा दर्ज की, जबकि 11 स्टेशनों पर प्रदूषण ‘गंभीर’ मिला।
वजीरपुर में AQI 448 दर्ज किया गया, जो शहर में सबसे अधिक रहा।
PM 2.5 और PM 10 खतरनाक स्तर पर
दिल्ली में पीएम 10 और पीएम 2.5 के स्तर मानक से कई गुना अधिक पाए गए।
PM 10: मानक 100 के बजाय 336
PM 2.5: मानक 60 के बजाय 196
यह स्थिति सांस और फेफड़ों से जुड़े रोगों के लिए बेहद जोखिम भरी मानी गई है।
आईक्यू एयर रिपोर्ट: दिल्ली की हवा ‘खतरनाक’
स्विस प्लेटफॉर्म IQAir के अनुसार सुबह 10 बजे दिल्ली का AQI 463 दर्ज हुआ, जो ‘खतरनाक’ श्रेणी में आता है। रात 10 बजे भी AQI 380 रहा, जो ‘बहुत खराब’ स्थिति को दर्शाता है।
प्रदूषण के कारण: वाहन, पराली और मौसम
IITM पुणे के डिसीजन सपोर्ट सिस्टम (DSS) के अनुसार:
दिल्ली के प्रदूषण में वाहनों का योगदान 14.9% रहा
पराली जलाने का योगदान 2.8% दर्ज किया गया
उपग्रह तस्वीरों में शुक्रवार को पंजाब में 30, हरियाणा में 11 और उत्तर प्रदेश में 250 खेतों में आग लगने की घटनाएँ मिलीं।
मौसम अपडेट
शनिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 11.8°C और अधिकतम 27.3°C दर्ज हुआ। हवा में नमी का स्तर 41% से 100% के बीच रहा।
रविवार को मध्यम कोहरापन रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 26°C और न्यूनतम 11°C रहने की संभावना है।








