नोएडा के सेक्टर-18 मेट्रो स्टेशन के पास शनिवार शाम अचानक एक चलती स्कॉर्पियो कार के बोनट में आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना पीक ट्रैफिक आवर में हुई, जिसकी वजह से कुछ ही मिनटों में सड़क पर लंबा जाम लग गया और लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
घटना का वीडियो भी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत एक फायर टेंडर की मदद से आग पर काबू पा लिया।
सीएफओ प्रदीप कुमार चौबे के मुताबिक, कार के बोनट में आग लगी थी, जिसे समय रहते बुझा दिया गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। आग नियंत्रण में आते ही ट्रैफिक भी धीरे-धीरे सामान्य हो गया और लोगों ने राहत की सांस ली।








