राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार बिगड़ता जा रहा है। शनिवार सुबह शहर का औसत AQI 365 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में है। प्रदूषण में लगातार बढ़ोतरी के कारण यह लगातार आठवां दिन है जब AQI 300 से ऊपर बना हुआ है। खराब होती हवा को देखते हुए CAQM ने पूरे एनसीआर में GRAP-3 के कड़े प्रतिबंध लागू कर दिए हैं और उनका सख्ती से पालन कराया जा रहा है।
दिल्ली के कई इलाकों की स्थिति बेहद चिंताजनक है, जहां AQI 400 के ऊपर पहुंचकर ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज किया गया। आनंद विहार (422), वजीरपुर (427), विवेक विहार (423), बवाना (419), जहाँगीरपुरी (417), मुंडका (414) और रोहिणी (414) जैसे क्षेत्रों में प्रदूषण का स्तर खतरनाक बना हुआ है।
अशोक विहार, नरेला, नेहरू नगर और डीटीयू परिसर भी ‘बेहद खराब’ श्रेणी में शामिल रहे।
इसी बीच मौसम में ठंडक बढ़ने लगी है। न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिन में तापमान 27–28 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। आसमान साफ रहने और धूप खिली रहने की संभावना है, जिससे हल्की राहत मिल सकती है, लेकिन कुल मिलाकर हवा में सुधार के कोई संकेत अभी नजर नहीं आ रहे।








