बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवात ‘मोंथा’ और अरब सागर के ऊपर सक्रिय गहरे दबाव प्रणाली के साथ-साथ उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता ने देश के मौसम को पूरी तरह बदल दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि आने वाले 4 से 5 दिनों तक देश के कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना यह सिस्टम सोमवार शाम तक गंभीर चक्रवात में बदल गया है। फिलहाल इसकी रफ्तार करीब 88 किमी प्रतिघंटा है, जो मंगलवार तक बढ़कर 110 किमी प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है। इसके आंध्र प्रदेश तट से टकराने की संभावना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस स्थिति को लेकर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू से बातचीत की और केंद्र सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिया है।
पूर्वी तटवर्ती राज्यों में अलर्ट जारी
चक्रवात ‘मोंथा’ के प्रभाव से आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तमिलनाडु के तटीय इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाओं का असर दिखने लगा है। काकीनाडा के पास इसके लैंडफॉल की संभावना जताई गई है। विशाखापट्टनम, मछलीपट्टनम और राजामुंद्री जैसे जिलों में बारिश और झंझावाती हवाओं की शुरुआत हो चुकी है। राज्य सरकार ने सभी जिलों में सतर्कता बढ़ा दी है और NDRF टीमें तैनात कर दी गई हैं।
उत्तर और मध्य भारत में भी असर दिखेगा
मौसम विभाग का कहना है कि इस चक्रवात का असर मध्य और उत्तर भारत तक पहुंचेगा। छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर में 29 से 31 अक्टूबर के बीच गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इससे जहां दक्षिण भारत में खरीफ फसलों की कटाई पर असर पड़ेगा, वहीं उत्तर भारत में रबी फसलों की बुआई में देरी की आशंका है।
पहला बड़ा चक्रवाती तूफान
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून के दौरान कोई बड़ा तूफान नहीं आया था, इसलिए ‘मोंथा’ इस सीजन का पहला प्रमुख चक्रवाती तूफान है। इसके साथ ही पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं।
अरब सागर में भी बन रहा नया सिस्टम
अरब सागर के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र भी तेजी से मजबूत हो रहा है, जो अगले 48 घंटों में पूर्व-मध्य अरब सागर की ओर बढ़ सकता है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि तीनों सिस्टम एक साथ सक्रिय होने से देशभर में मौसम पूरी तरह बदल जाएगा और ठंड की दस्तक जल्दी हो सकती है।








