अयोध्या में दीपोत्सव से पहले रिकॉर्ड की शुरुआत, सरयू आरती में 21 हजार श्रद्धालु शामिल

SHARE:

अयोध्या दीपोत्सव से पहले ही बना रिकॉर्ड, सरयू आरती में 21 हजार श्रद्धालु शामिल
रामनगरी अयोध्या में इस बार का दीपोत्सव ऐतिहासिक होने जा रहा है। मुख्य आयोजन से पहले ही शनिवार को सरयू तट पर 21,000 लोगों ने एक साथ आरती कर नया विश्व रिकॉर्ड बनाया है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स टीम आज इस रिकॉर्ड की औपचारिक घोषणा करेगी।

गिनीज अधिकारी निश्चल बरोट के मुताबिक, “हमने यहां सबसे ज़्यादा लोगों द्वारा एक साथ आरती करने का रिकॉर्ड बनाया है। दोपहर 3 बजे से प्रतिभागियों की गिनती क्यूआर कोड से की गई, जिससे सटीक आंकड़ा सुनिश्चित हुआ। पिछला रिकॉर्ड 1774 लोगों का था, जिसे अब अयोध्या ने पीछे छोड़ दिया है।”

आज जलेगा 29 लाख दीयों से जगमग अयोध्या
रविवार को होने वाले दीपोत्सव में इस बार 29 लाख दीये जलाकर नया विश्व रिकॉर्ड बनाया जाएगा। राम की पैड़ी पर 56 घाटों पर 30,000 से ज़्यादा स्वयंसेवकों ने दीयों की सजावट पूरी कर ली है। गिनीज टीम ड्रोन के ज़रिए दीयों की गिनती कर रही है।

सुबह से ही घाटों पर तेल और बाती डालने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। छात्र-छात्राओं, स्वयंसेवी संस्थाओं और स्थानीय लोगों ने मिलकर दीयों से रामायण कालीन प्रसंग, स्वास्तिक आकृतियाँ और रंगोली डिज़ाइन बनाए हैं। घाट नंबर 10 पर 80,000 दीयों से स्वास्तिक का भव्य चित्र बनाया गया है, जो शुभता और एकता का संदेश देगा।

सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, बिना आई कार्ड प्रवेश नहीं
दीपोत्सव को लेकर सुरक्षा के सख्त इंतज़ाम किए गए हैं। घाटों पर केवल पहचान पत्र वाले स्वयंसेवकों को ही प्रवेश की अनुमति दी गई है। अवध विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने कहा कि यह नौवां दीपोत्सव ऐतिहासिक और अविस्मरणीय रहेगा। सभी घाटों पर सुरक्षा कर्मी तैनात हैं और आयोजन की हर गतिविधि की निगरानी की जा रही है।

 

Kinni Times
Author: Kinni Times

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *