जीतू पटवारी के बयान से मचा सियासी भूचाल, सीएम बोले लाड़ली बहनों का अपमान नहीं करेंगें बर्दाश्त

SHARE:

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के बयान से फिर सियासी पारा चढ़ गया है। पटवारी ने दावा किया कि देशभर में मध्य प्रदेश की महिलाएं सबसे ज्यादा शराब पीती हैं। उनके बयान पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और महिला नेत्रियों ने बयान की निंदा करते हुए महिलाओं का अपमान बताया हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश की लाडली बहनों को शराबी बताकर उनका घोर अपमान किया है। जनता इस अपमान का हिसाब लेगी।

सरकार नहीं करेगी बर्दाश्त
सीएम डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने महिलाओं पर टिप्पणी कर अपनी छोटी मानसिकता को दर्शाया है। यही कांग्रेस का चाल-चरित्र है। उसने कभी महिलाओं का सम्मान नहीं किया। सीएम ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को माफी मांगने और पटवारी को पद से हटाने की मांग की है। मुख्यमंत्री ने पटवारी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि लाडली बहनों को शराबी बताना दुर्भाग्यपूर्ण है। बहनों का यह अपमान मध्य प्रदेश बर्दाश्त नहीं करेगा। डॉ. मोहन यादव ने कहा कि उनके ही एक कांग्रेस नेता ने कहा था कि लाडली बहनों को बोरे में बंद कर देंगे। आज हरतालिका तीज है। तीज के त्योहार के दिन बहनों का अपमान हमारी सरकार बर्दाश्त नहीं करेगी।

महिलाओं से मांगे माफी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के बयान पर कड़ा विरोध जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि जीतू पटवारी ने प्रदेश की मातृशक्ति को ‘शराबी’ कहकर अपमानित किया है। खंडेलवाल ने कहा कि आज जब करोड़ों बहनें सात्विक श्रद्धा के साथ हरतालिका तीज का व्रत कर रही हैं, ऐसे पावन अवसर पर इस तरह की अभद्र भाषा भारतीय संस्कृति और करोड़ों महिलाओं की आस्था का घोर अपमान है। उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में भाजपा सरकार लाड़ली बहनों को सम्मानपूर्वक आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है, इसी वजह से कांग्रेस बौखलाई हुई है। उन्होंने मांग की कि जीतू पटवारी तुरंत प्रदेश की महिलाओं से माफी मांगें।

Kinni Times
Author: Kinni Times

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *