मालदीव की आज़ादी की हीरक जयंती (डायमंड जुबली) के अवसर पर शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मालदीव के स्वतंत्रता दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। यह अवसर भारत और मालदीव के बीच गहरे होते संबंधों और कूटनीतिक साझेदारी का एक महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है।
मालदीव के राष्ट्रपति ने दिया पीएम मोदी को आमंत्रण
मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस विशेष समारोह में आमंत्रित किया था। पीएम मोदी की उपस्थिति ने इस द्वीपीय राष्ट्र के साथ भारत के रिश्तों को एक नई मजबूती प्रदान की है। समारोह माले में आयोजित हुआ, जहाँ मालदीव ने अपनी स्वतंत्रता की 60वीं वर्षगांठ को भव्य रूप से मनाया।
एस जयशंकर ने दी बधाई, बताया ऐतिहासिक पल
भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने इस ऐतिहासिक अवसर पर मालदीव सरकार और वहां की जनता को बधाई दी। अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर जयशंकर ने लिखा:
“मालदीव की आज़ादी की हीरक जयंती पर बधाई। आज माले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ समारोह में शामिल होने का सौभाग्य मिला। हम भारत-मालदीव के बीच 60 वर्षों के राजनयिक संबंधों का भी उत्सव मना रहे हैं और हिंद महासागर क्षेत्र में शांति, समृद्धि और स्थिरता के लिए अपनी साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराते हैं।”
उपराष्ट्रपति हुसैन मोहम्मद लतीफ से हुई पीएम मोदी की मुलाकात
समारोह के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने मालदीव के उपराष्ट्रपति हुसैन मोहम्मद लतीफ से मुलाकात की। इस बैठक में दोनों नेताओं ने भारत-मालदीव द्विपक्षीय संबंधों को और गहरा करने की दिशा में सकारात्मक बातचीत की।
पीएम मोदी ने मुलाकात को लेकर एक्स पर लिखा:
“मालदीव के उप राष्ट्रपति हुसैन मोहम्मद लतीफ़ से एक बेहद सकारात्मक और उपयोगी मुलाकात हुई। हमारी बातचीत भारत-मालदीव मित्रता के प्रमुख स्तंभों पर केंद्रित रही। दोनों देश बुनियादी ढांचे, प्रौद्योगिकी, जलवायु परिवर्तन, ऊर्जा और अन्य कई क्षेत्रों में करीबी सहयोग कर रहे हैं।”
भारत-मालदीव संबंधों में नया उत्साह
पिछले कुछ वर्षों में भारत और मालदीव के बीच संबंधों में कई उतार-चढ़ाव देखे गए हैं। हालांकि, पीएम मोदी की इस यात्रा और उनकी उपस्थिति ने यह संदेश स्पष्ट कर दिया है कि दोनों देश हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा, विकास और स्थिरता के लिए साथ मिलकर कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।


