चंदन मिश्रा मर्डर केस: शेरू सिंह के इशारे पर 10 लाख की सुपारी में हुआ कत्ल, 5 आरोपी पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार

SHARE:

बिहार के बक्सर जिले में चंदन मिश्रा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या ने प्रदेश में सनसनी फैला दी थी। अब इस हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक हत्या की साजिश जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर शेरू सिंह ने रची थी और इसके लिए 10 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। इस मामले में 5 आरोपियों को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया गया है।

पश्चिम बंगाल से पकड़े गए आरोपी, पूछताछ जारी
पुलिस ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि हत्या की साजिश में शामिल पांच आरोपियों को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया है। इन लोगों ने शूटरों को शरण देने, हथियार और बाइक मुहैया कराने में मदद की थी। पुलिस इन सभी से उसी स्थान पर गहन पूछताछ कर रही है, जहां से इन्हें पकड़ा गया।

तौसीफ उर्फ बादशाह बना हत्याकांड का मास्टरमाइंड
इस हत्याकांड का सरगना तौसीफ उर्फ बादशाह बताया जा रहा है, जो पटना के फुलवारी शरीफ इलाके का निवासी है। पुलिस के अनुसार तौसीफ ने इस पूरे शूटआउट की योजना बनाई और अपने गैंग को निर्देशित किया। शूटरों में मन्नू (बक्सर के बेलाउर से), बलवंत सिंह उर्फ भिंडी (बक्सर के लीलाधरपुर से) और सूरजभान जैसे नाम सामने आए हैं।

हत्या के बाद घर गया और फिर फरार हुआ तौसीफ
घटना के बाद तौसीफ अपने घर फुलवारी शरीफ गया, जहां से वह अपने माता-पिता और बहन को लेकर गया (गया जिला) चला गया। परिवार को वहां छोड़कर वह खुद पश्चिम बंगाल फरार हो गया था। पुलिस ने तौसीफ के परिवार से भी पूछताछ की है।

शेरू सिंह ने दी थी सुपारी, जेल से कर रहा था संचालन
इस पूरे मामले के पीछे जेल में बंद अपराधी शेरू सिंह का हाथ है। बताया जा रहा है कि उसने 10 लाख रुपये की सुपारी देकर चंदन की हत्या करवाई। शेरू ने चंदन से पहले पैरोल के दौरान दो बार बातचीत भी की थी। पुलिस ने पुरुलिया जेल में जाकर शेरू से पूछताछ की है।

दो शूटर गांव में मिलने गए थे चंदन से
हत्या से पहले दो शूटर चंदन मिश्रा से मिलने उसके गांव सोनबरसा (बक्सर) भी गए थे। पुलिस के पास इस संबंध में सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों के बयान हैं। यह मुलाकात पहले से साजिश का हिस्सा थी।

हत्या का वीडियो भी बनाया गया
खौफ की हद तो तब पार हो गई जब पता चला कि मुख्य शूटर तौसीफ ने हत्या का वीडियो भी बनाया था। अस्पताल के कमरे में हुई गोलीबारी के दौरान चंदन की देखरेख कर रहे दुर्गेश पाठक को गोली का छर्रा लगा, जबकि कमरे में मौजूद कृष्णकांत पांडे जान बचाकर बाथरूम में छिप गए।

छह शूटर थे शामिल, एक बाहर खड़ा था
हालिया जांच में यह भी सामने आया है कि अस्पताल में कुल 6 शूटर पहुंचे थे। इनमें से पांच अंदर घुसे जबकि एक बाहर ही तैनात था। हत्या के बाद शूटर हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए थे।

डीजीपी ने की समीक्षा बैठक
राज्य स्तर पर इस मामले की गंभीरता को देखते हुए बिहार के डीजीपी ने भी एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की है। पूरे मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

 

Kinni Times
Author: Kinni Times

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *