राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक बार फिर भीषण गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ाने लगी है। पिछले कुछ दिनों तक पश्चिमी विक्षोभ के कारण मिली राहत अब खत्म हो चुकी है और तेज धूप के साथ उमस भरी गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है, जबकि मंगलवार से हीटवेव यानी लू चलने की संभावना जताई गई है।

रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक रहा। वहीं आयानगर दिल्ली का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम में बढ़ती नमी के कारण लोगों को 44.5 डिग्री जैसी तेज गर्मी का एहसास हुआ।
मौसम विभाग के मुताबिक इस पूरे सप्ताह दिल्ली में आसमान साफ रहेगा और तेज धूप निकलेगी। इसके चलते दिन के समय गर्म हवाएं और उमस लोगों की मुश्किलें बढ़ाएंगी। मंगलवार और बुधवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। अनुमान है कि लू के दौरान तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है।
छुट्टी के दिन भी दिल्ली की सड़कों पर गर्मी का असर साफ देखने को मिला। लोग चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं से बचने के लिए घरों में रहने को मजबूर नजर आए। कई इलाकों में लोगों ने एसी और कूलर के भी असर नहीं करने की शिकायत की।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मई के बाकी दिनों में भी दिल्ली-एनसीआर में गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है।









