देश की राजनीति से लेकर न्यायपालिका, शिक्षा और खेल जगत तक आज का दिन कई अहम घटनाओं से भरा रहने वाला है।
सबसे पहले राजनीतिक हलचल की बात करें तो आज सुबह 10 बजे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यालय में विपक्षी नेताओं की अहम बैठक होने जा रही है। माना जा रहा है कि इस बैठक में संसद में बजट पर रणनीति और सरकार को घेरने के मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके बाद सदन में बजट पर चर्चा भी तेज होगी।
उधर उत्तर प्रदेश में आज से विधानसभा का बजट सत्र शुरू हो रहा है, जो 16 फरवरी तक चलेगा। इस दौरान सरकार अपने वित्तीय प्रस्ताव पेश करेगी और विपक्ष की ओर से तीखी बहस देखने को मिल सकती है।
न्यायिक मोर्चे पर भी आज कई महत्वपूर्ण सुनवाई होनी हैं। सुप्रीम कोर्ट में उन्नाव केस के दोषी कुलदीप सिंह सेंगर की जमानत अर्जी पर सुनवाई होगी। साथ ही, टीएमसी की ओर से दाखिल SIR से जुड़ी याचिका पर भी आज सर्वोच्च न्यायालय में सुनवाई तय है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के दूसरे एपिसोड में छात्रों से संवाद करेंगे। यह कार्यक्रम परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अंतरराष्ट्रीय खबरों की बात करें तो कोलंबो में खेले गए ICC T20 वर्ल्ड कप मुकाबले में श्रीलंका ने आयरलैंड को 20 रनों से हराया। वहीं ईरान में नोबेल शांति पुरस्कार विजेता नरगिस मोहम्मदी को 7 साल की जेल की सजा सुनाई गई है।
खेल कूटनीति के मोर्चे पर लाहौर में पीसीबी चेयरमैन नकवी ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष से मुलाकात की, जिसे क्षेत्रीय क्रिकेट सहयोग के लिहाज से अहम माना जा रहा है।







