संसद के मॉनसून सत्र की कार्यवाही के दौरान तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद कल्याण बनर्जी के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया गया है। लोकसभा की कार्यवाही के दौरान टीएमसी की बागी महिला सांसद के खिलाफ अभद्र और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने के गंभीर आरोप में उन्हें पूरे मॉनसून सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया गया है।
सदन में बहस के बाद बढ़ा विवाद
संसद में विपक्षी हंगामे के चलते कार्यवाही स्थगित होने के बाद सदन परिसर के भीतर कल्याण बनर्जी और पार्टी से अलग हुए बागी सांसदों के बीच तीखी बहस हुई थी। आरोप है कि इस मौखिक नोकझोंक के दौरान कल्याण बनर्जी ने बागी महिला सांसद के खिलाफ मर्यादा पार करते हुए आपत्तिजनक और असंसदीय टिप्पणियां कीं। घटनक्रम के तुरंत बाद पीड़ित महिला सांसद और उनके सहयोगियों ने सीधे लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से उनके चैंबर में मुलाकात कर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में कल्याण बनर्जी के व्यवहार को महिला सांसदों की गरिमा का अपमान और असंसदीय आचरण करार दिया गया।
संसदीय कार्य मंत्री ने रखा सस्पेंशन का प्रस्ताव
सदन की बैठक दोबारा शुरू होने पर पीठासीन अधिकारी ने मामले की गंभीरता को स्वीकार करते हुए टिप्पणी को सदन की गरिमा के खिलाफ माना। इसके बाद संसदीय कार्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कल्याण बनर्जी को सत्र की बची हुई अवधि के लिए निलंबित करने का औपचारिक प्रस्ताव सदन में रखा।








