दिल्ली-NCR और आसपास के राज्यों में उमस भरी गर्मी के बीच पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने मॉनसून की वापसी के संकेत दिए हैं। उत्तर प्रदेश, बिहार, हिमाचल, उत्तराखंड और राजस्थान में लगातार बारिश हो रही है।
दिल्ली में मौसम:
आज राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। कुछ जगह हल्की बारिश भी हो सकती है। सुबह मुख्य हवाएँ दक्षिण-पूर्व दिशा से 8-12 किमी प्रति घंटा की गति से चलेंगी। 21 सितंबर को मौसम साफ रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में मौसम:
पिछले दो दिनों से प्रदेश में झमाझम बारिश हो रही थी, जिससे मौसम सुहावना रहा। आने वाले दिनों में बारिश लगभग थम जाएगी और गर्मी बढ़ सकती है। पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों और पूर्वी यूपी के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन भारी बारिश का अलर्ट नहीं है। 19 से 23 सितंबर तक प्रदेश में भारी बारिश की संभावना कम है।
बिहार में मौसम:
राज्य के कई जिलों में पिछले तीन दिनों से बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 19 और 20 सितंबर को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
उत्तराखंड में मौसम:
राज्य में मौसम का कहर जारी है। IMD ने देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। देहरादून में भारी बारिश के चलते स्कूल भी बंद कर दिए गए हैं। चमोली में बादल फटने की भी खबरें आई हैं।








