अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच लगातार तेज होती जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने विशेष जांच टीम (SIT) का कार्यकाल 15 दिन के लिए और बढ़ा दिया है, ताकि जांच को अंतिम रूप दिया जा सके।
जांच के दौरान बुधवार को राम मंदिर के व्यवस्थापक गोपाल राव सहित करीब 10 लोगों से पूछताछ की गई। वहीं पुलिस ने मुख्य आरोपितों के ठिकानों पर छापेमारी कर एक बक्सा और कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
अब तक इस मामले में आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कथित गड़बड़ी में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा चोरी की पूरी साजिश कैसे अंजाम दी गई।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 13 जून को इस मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया था। प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में टीम ने एफआईआर दर्ज करने, जांच अवधि बढ़ाने और मंदिर की व्यवस्थाओं में सुधार से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए थे। इन्हीं सिफारिशों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल एसआईटी सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और उम्मीद है कि बढ़े हुए कार्यकाल के दौरान मामले से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं।








