श के कई हिस्सों में मानसून अब पूरी रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों के भीतर मानसून के दिल्ली और एनसीआर में पहुंचने की संभावना है। इसके साथ ही हरियाणा, पंजाब और उत्तर भारत के अन्य क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश होने के संकेत हैं। मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश में बारिश के साथ हुई आकाशीय बिजली और वर्षाजनित हादसों ने बड़ा नुकसान पहुंचाया। अलग-अलग जिलों में वज्रपात और मकान गिरने की घटनाओं में आठ लोगों की मौत हो गई। सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में सुल्तानपुर और मुरादाबाद शामिल हैं, जहां धान की रोपाई के दौरान बिजली गिरने से कई लोगों की जान चली गई।
मौसम विभाग का कहना है कि मानसून उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में मजबूत स्थिति में पहुंच चुका है और अब इसका अगला पड़ाव दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब होगा। यदि मौजूदा रफ्तार बनी रही तो अगले चार से पांच दिनों में मानसून पूरे देश को कवर कर सकता है।
विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात की आशंका जताई है। लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
लगातार हो रही बारिश से एक ओर भीषण गर्मी से राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर जलभराव, वज्रपात और अन्य वर्षाजनित हादसों का खतरा भी बढ़ गया है। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी है।
यह भी पढे
ट्रंप का जन्म से नागरिकता पर बड़ा बयान https://kinnitimes.com/?p=30867








