मॉनसून का कहर: कई राज्यों में भारी बारिश

SHARE:

देशभर में मॉनसून ने एक बार फिर रौद्र रूप दिखाया है। शनिवार को कई राज्यों में मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। सबसे ज्यादा असर हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में देखने को मिला, जहां लगातार बारिश से भूस्खलन हुआ, कई सड़कें बंद हो गईं और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और मेघालय में बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। वहीं पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मिजोरम, तमिलनाडु और केरल में भी अच्छी बारिश हुई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी कई राज्यों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है।

उत्तराखंड में लगातार बारिश के चलते तीन राष्ट्रीय राजमार्ग समेत करीब 120 सड़कें बंद हो गईं। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग का एक हिस्सा बह जाने के बाद रास्ता दो दिनों तक बंद रहा। हालांकि एसडीआरएफ की टीम ने उत्तरकाशी के स्यानाचट्टी इलाके में वैकल्पिक मार्ग बनाकर रस्सियों की मदद से करीब 100 तीर्थयात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

हिमाचल प्रदेश में भी बारिश ने भारी नुकसान पहुंचाया। शिमला में भूस्खलन की घटनाएं सामने आईं, जबकि किन्नौर जिले के सांगला में पिछले साल बनाया गया अस्थायी पुल तेज बहाव में ढह गया। बाढ़ का पानी कई रिहायशी इलाकों में घुस गया, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं।

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम और आसपास के ऊंचाई वाले इलाकों में शनिवार शाम बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई। इस घटना में कई होटल और घर प्रभावित हुए हैं। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और राहत-बचाव का काम जारी है।

वहीं राजधानी दिल्ली में शनिवार को बारिश नहीं हुई। अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शुक्रवार की तुलना में अधिक रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक दिल्ली में बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना फिलहाल कम है।

प्रशासन ने भारी बारिश वाले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

Kinni Times
Author: Kinni Times

सबसे ज्यादा पड़ गई