भीषण गर्मी के बाद अचानक बदले मौसम, बढ़ते तापमान से मिली राहत
Weather News: भीषण गर्मी के बीच अचानक बदले मौसम और बारिश के कारण लोगों को बढ़ते तापमान से राहत तो मिली, लेकिन बारिश का कहर भी दिखा. घरों में पानी घुसने और सड़कें बंद होने की तस्वीरें हालात बयां कर रही हैं. दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में बिजली के खंभे और पेड़ गिरने से जानमाल का नुकसान हुआ है. कई जगहों पर दिन में रात जैसा नजारा दिखा. मौसम विभाग के मुताबिक अगले हफ्ते दस्तक देने जा रहा मानसून दहलीज पर खड़ा है. अगले चार से पांच दिनों के दौरान केरल में मानसून के दस्तक देने की संभावना है. लेकिन मानसून के पहुंचने से पहले पश्चिमी घाट के कुछ हिस्सों, कर्नाटक से लेकर महाराष्ट्र के कई इलाकों में आंधी तूफान के साथ भारी बारिश का दौर जारी है. पालघर जिले के नाला सोपारा में भारी बारिश के कारण एक घर का छज्जा गिर गया, जिसमें दो लोगों को बचा लिया गया.
पश्चिमी हिमालयी राज्य हिमाचल प्रदेश में सुबह धूप तो दोपहर के बाद भारी बारिश
पश्चिमी हिमालयी राज्य हिमाचल प्रदेश में सुबह धूप खिली तो दोपहर के बाद भारी बारिश और ओलावृष्टि के चलते अंधेरा छा गया. वहीं, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर, पश्चिम और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई.भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने बताया कि कर्नाटक और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में मानसून से पहले की बारिश हो रही है. पुणे और बंगलूरू जैसे प्रमुख शहरों में भारी बारिश में जलभराव के कारण सड़कें बंद हो गई हैं. कई घरों में अब भी बारिश का पानी घुसा हुआ है कई जगह पेड़ गिरने से रास्ते बंद हैं तो बिजली भी गुल है.कर्नाटक के तटीय और घाटी क्षेत्रों में 204.5 मिमी से अधिक वर्षा की संभावना जताई गई है. असम, मेघालय, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और उत्तरी कर्नाटक के कुछ क्षेत्रों में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही वज्रपात और भारी वर्षा भी संभावित है और 204.4 मिमी तक बारिश हो सकती है. इस ट्रफ के प्रभाव से 21 से 26 मई के बीच पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 30-50 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं, बिजली चमकने और हल्की बारिश की संभावना है. उत्तराखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है.








