भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। इसके साथ ही भारत लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली और मेजबान रहते हुए यह ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम बन गई।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई। भारत की जीत में संजू सैमसन, ईशान किशन और अभिषेक शर्मा की शानदार पारियों ने अहम भूमिका निभाई।
भारतीय टीम की शुरुआत धमाकेदार रही। ओपनर अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने शुरुआत में संभलकर खेला, लेकिन जल्द ही न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर हमला बोल दिया। दोनों ने चौकों और छक्कों की बारिश करते हुए पावरप्ले के छह ओवर में बिना विकेट गंवाए 92 रन जोड़ दिए, जो टी20 विश्व कप फाइनल के पावरप्ले में सबसे बड़े स्कोर में से एक रहा।
भारत को पहला झटका 98 रन के स्कोर पर लगा जब अभिषेक शर्मा 52 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने केवल 18 गेंदों में अर्धशतक लगाया। इसके बाद ईशान किशन ने तेज बल्लेबाजी करते हुए रन गति को बनाए रखा और 25 गेंदों में 54 रन की शानदार पारी खेली।
विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 46 गेंदों में 89 रन बनाए। उन्होंने इस टूर्नामेंट में लगातार तीसरी बार 50 से अधिक रन बनाए और शतक के करीब पहुंचकर आउट हो गए। उनके साथ मिलकर भारत ने 15 ओवर में ही 200 रन का आंकड़ा पार कर लिया।
हालांकि 16वें ओवर में भारत को लगातार तीन झटके लगे। पहले संजू सैमसन आउट हुए, फिर ईशान किशन और उसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव गोल्डन डक पर पवेलियन लौट गए। इसके बाद शिवम दुबे ने अंतिम ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए टीम का स्कोर 250 के पार पहुंचाया। दुबे ने 8 गेंदों में 26 रन बनाए, जबकि तिलक वर्मा 8 रन बनाकर नाबाद रहे।
256 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम की शुरुआत भी तेज रही, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट लेकर मैच पर पकड़ मजबूत कर ली। टिम सीफर्ट ने 26 गेंदों में 52 रन की तेज पारी खेली, जबकि कप्तान मिचेल सैंटनर ने 43 रन बनाए। इसके अलावा न्यूजीलैंड का कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका।
भारत की ओर से अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह और अन्य गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की पूरी टीम को 159 रन पर समेट दिया और भारत को 96 रन से बड़ी जीत दिलाई।
इस जीत के साथ टीम इंडिया ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पुरानी हार का भी बदला ले लिया, जहां 2023 के वनडे विश्व कप फाइनल में भारत को हार का सामना करना पड़ा था। इस बार भारतीय टीम ने उसी मैदान पर विश्व कप जीतकर इतिहास पलट दिया।



