देश और दुनिया की बड़ी खबरों के बीच मध्य पूर्व में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। ईरानी विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि उनकी वार्ता टीम की अगले कुछ दिनों में जिनेवा जाने की कोई योजना नहीं है। वहीं अमेरिकी सेना ने ईरान के कई हमलावर ड्रोन मार गिराने का दावा किया है। दूसरी ओर, ईरान ने एक बार फिर होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे जहाजों को ड्रोन हमलों का निशाना बनाया है।
लेबनान में इजरायली हमले लगातार जारी हैं। ताजा रिपोर्ट के अनुसार अब तक 3,756 लोगों की मौत हो चुकी है, जिससे पूरे क्षेत्र में हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं।
अंतरराष्ट्रीय कूटनीति के मोर्चे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस दौरे पर रवाना हो गए हैं। व्हाइट हाउस के अनुसार फ्रांस में पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात होगी। ट्रंप G7 शिखर सम्मेलन के दौरान UAE, कतर और मध्य पूर्व के अन्य नेताओं से भी बातचीत करेंगे।
भारत सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को देश का अगला सेना प्रमुख नियुक्त किया है। वहीं असम के जोरहाट में भारतीय वायुसेना का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें पांच जवानों के शहीद होने की दुखद खबर सामने आई है।
अयोध्या के राम जन्मभूमि दान प्रकरण में नया मोड़ आया है। ट्रस्ट के अनुरोध पर मंडलायुक्त की अध्यक्षता में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है, जिसे 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपनी होगी।
दिल्ली के बिजली उपभोक्ताओं को जल्द ही महंगाई का एक और झटका लग सकता है। बिजली दरों में बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।
वाराणसी के दालमंडी क्षेत्र में चल रहे बुलडोजर अभियान पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने फिलहाल रोक लगा दी है। वहीं हैदराबाद में बिजली के तारों की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई।
पश्चिम बंगाल की राजनीति में भी हलचल तेज रही। ED ने दक्षिणेश्वर में TMC विधायक मदन मित्रा के आवास पर छापेमारी की, जबकि CID ने TMC विधायक कुणाल घोष को नोटिस भेजा। अभिषेक बनर्जी से जुड़े घटनाक्रमों के बीच कोलकाता में राजनीतिक गतिविधियां पूरे दिन चर्चा में रहीं।
इसके अलावा RSS प्रमुख मोहन भागवत आज से तीन दिवसीय केरल दौरे पर रहेंगे, जबकि BHU में विज्ञान भारती के सातवें राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।
यह भी पढे
दिल्ली-NCR में तेज हवाओं और बारिश से बदला मौसम https://kinnitimes.com/?p=30360
दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने एक बार फिर करवट ली https://www.facebook.com/share/p/1ED1JPEZaD/






