दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। शुक्रवार को कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। हालांकि तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं।
गुरुवार रात आए तेज आंधी-तूफान ने दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और आसपास के क्षेत्रों में काफी असर डाला था। कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए और बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त होने से विद्युत आपूर्ति प्रभावित रही। कुछ इलाकों में लोगों को घंटों बिजली कटौती का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में दिल्ली-एनसीआर में करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। वहीं कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश भी हो रही है, जिससे मौसम सुहावना बना हुआ है।
पिछले दो दिनों से लगातार बदलते मौसम और बारिश के कारण गर्मी का असर काफी कम हुआ है। जहां कुछ दिन पहले लोग तेज धूप और उमस से परेशान थे, वहीं अब तापमान में गिरावट से राहत महसूस कर रहे हैं।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
यह भी पढे
UAE ने ईरान फंडिंग दावों को नकारा https://kinnitimes.com/?p=30357







